राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की गिरिराज महाराज की परिक्रमा

Share

जयपुर, 21 मार्च । राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने शनिवार को श्रद्धा और आस्था के साथ गिरिराज महाराज की परिक्रमा की। उत्तर प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करते ही उनका भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया, जिसमें प्रदेश की सांस्कृतिक झलक दिखाई दी।

राजस्थान सीमा पर पहुंचने पर जल संसाधन मंत्री एवं जिला प्रभारी सुरेश सिंह रावत तथा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने राष्ट्रपति का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

राष्ट्रपति के स्वागत में ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध मयूर लोकनृत्य कलाकारों ने रंगारंग और मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा और लोकसंगीत के साथ प्रस्तुत किए गए इस नृत्य ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। इन प्रस्तुतियों को देखकर राष्ट्रपति मुर्मु भाव-विभोर हो उठीं और उन्होंने कलाकारों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

राजस्थान सीमा में प्रवेश करने के बाद राष्ट्रपति ने पैदल ही गिरिराज महाराज की परिक्रमा की, जो उनकी आस्था और धार्मिक भावना का प्रतीक रहा। इस दौरान वे लोक कलाकारों के साथ संवाद करती नजर आईं और उनके साथ स्मृति स्वरूप फोटो भी खिंचवाए।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चंद्र विश्नोई, डीग जिला कलेक्टर उत्सव कौशल, जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ, भरतपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त कनिष्क कटारिया तथा जिला परिषद के सीईओ मृदुल सिंह सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।