मिलावट के खिलाफ अभियान: राजस्थान ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, 48 हजार से अधिक को दिया प्रशिक्षण

Share

जयपुर, 19 मार्च । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिलावट विरोधी अभियान के तहत राजस्थान ने एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय ने मात्र दो दिनों (17 और 18 मार्च) में 48 हजार से अधिक खाद्य कारोबारियों और संबंधित व्यक्तियों को प्रशिक्षण देकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है।

इस अभियान के तहत पहले ही दिन 30 हजार से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इस उपलब्धि को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन में दर्ज किया गया है, जिससे प्रदेश को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की टीम और जिलों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि आगे भी आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला के अनुसार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मिड-डे मील कर्मी, राजकीय छात्रावासों के स्टाफ, जेल रसोई कर्मचारी, होटल-ढाबा संचालक और स्ट्रीट फूड वेंडर्स सहित बड़ी संख्या में खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभाग को इस उपलब्धि का अस्थायी प्रमाण पत्र भी प्राप्त हो चुका है।

अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि इस प्रकार का व्यापक प्रशिक्षण खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं, संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी जिलों में बेहतर समन्वय स्थापित किया गया।