सागर, 18 मार्च । मध्यप्रदेश के सागर जिले की महज 6 वर्षीय बालिका अमायरा खान ने शतरंज की दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अपनी शानदार चालों और निरंतर अभ्यास के दम पर अमायरा ने 1450 की अंतरराष्ट्रीय रेटिंग हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया है।
इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। अमायरा को खेल का जुनून विरासत में मिला है। उनके पिता आसिफ खान और माता साजिया खान ने शुरुआत से ही उनका हौसला बढ़ाया, जबकि उनके चाचा साजिद खान (पूर्व रणजी खिलाड़ी) ने मार्गदर्शन दिया।
पिछले दो वर्षों से अमायरा लगातार शतरंज का अभ्यास कर रही हैं। वर्तमान में वह सागर की स्वदेश चेस अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं, जहां सिटी स्टेडियम में कोच अभिजीत अवस्थी, योगेश नामदेव और राजा अहिरवार उन्हें प्रशिक्षित कर रहे हैं।
अमायरा ने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, जिनमें मदुरै इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर टूर्नामेंट, भोपाल इंटरनेशनल और सागर टूर्नामेंट शामिल हैं। उन्होंने 1469 रेटिंग वाले अनुभवी खिलाड़ी प्रवीण चिट्टेट को हराकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक वह देशभर में 50 से अधिक टूर्नामेंट खेल चुकी हैं।
सागर जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर संदीप जी.आर. द्वारा चलाया जा रहा “मिशन चेस” भी नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है। इस पहल के तहत सरकारी स्कूलों में शतरंज के सेट वितरित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों का मानसिक विकास और आईक्यू स्तर बढ़ाने में मदद मिल रही है।
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा और सचिव नितिन चौरसिया भी जिले में उभरती प्रतिभाओं को निखारने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
सेंट जोसेफ्स कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा अमायरा वर्तमान में अंडर-7 गर्ल्स नेशनल चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जिस रफ्तार से अमायरा आगे बढ़ रही हैं, आने वाले समय में वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।