शिमला, 18 मार्च । हिमाचल प्रदेश में मौसम के कड़े तेवर जारी हैं। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है, जबकि शिमला, मनाली और अन्य निचले क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 20 मार्च तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
बीती रात लाहौल-स्पीति के गोंदला, कुकुमसेरी, केलंग और हंसा जैसे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में लगातार बर्फ गिरने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 20 मार्च तक मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा, जबकि 20 मार्च को येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 22 से 24 मार्च तक भी मौसम खराब बना रहेगा, हालांकि इन दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इस बीच भारी बर्फबारी के कारण कुल्लू-लाहौल क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण हो गए थे। अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल, सिस्सू और आसपास के इलाकों में करीब 2 हज़ार वाहन फंस गए थे। पुलिस ने बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) और प्रशासन के सहयोग से बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। यह अभियान 15 मार्च से शुरू होकर 17 मार्च की शाम तक जारी रहा। इस दौरान करीब 10 हजार से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर मनाली की ओर भेजा गया। राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान में कोई भी अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
प्रशासन ने आगामी दिनों में फिर बर्फबारी की संभावना को देखते हुए लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने को कहा गया है। यदि यात्रा जरूरी हो तो केवल 4×4 वाहनों का इस्तेमाल करने, वाहनों में स्नो चेन रखने और पर्याप्त गर्म कपड़े व जरूरी सामान साथ रखने की सलाह दी गई है। कुल्लू पुलिस और प्रशासन ने एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
तापमान की बात करें तो शिमला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, सुंदरनगर 9.9, भुंतर 8.8, कल्पा 0.9, धर्मशाला 8.2, ऊना 11.0, नाहन 10.7, पालमपुर 12.0, सोलन 7.8, मनाली 3.1, कांगड़ा 13.2, मंडी 11.3, बिलासपुर 12.0, जुब्बड़हट्टी 10.0, कुफरी 6.0, कुकुमसेरी -1.8, सियोबाग 7.7, बरठीं 11.6, कसौली 11.9, पांवटा साहिब 17.0, सराहन 2.1, देहरा गोपीपुर 16.0, ताबो -2.8 और नेरी में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।