अनूपपुर: तमिलनाडु, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आये परिक्रमावासियों ने किया तट परिवर्तन

Share

अनूपपुर, 17 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में इन दिनों नर्मदा परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चेन्नई (तमिलनाडु) एवं अहमदनगर (महाराष्ट्र) सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में नर्मदा भक्त परिक्रमा यात्रा के लिए पहुंचे। मंगलवार को परिक्रमावासियों ने नर्मदा (नदी) उद्गम स्थल पर स्थित रामघाट (उत्तर तट) में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजन-अर्चन, आरती एवं कथा का आयोजन किया।

महाराष्ट्र के (अहमदनगर) अहिल्यानगर से लगभग 500 से अधिक श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां नर्मदा की पूजा कर परिक्रमा का संकल्प लिया। वहीं, सोमवार को चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु सहित दक्षिण भारत से भी हजारों परिक्रमावासियों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। चेन्नई से आए परिक्रमा दल के साथ चल रहे रमेश जी द्वारा कोटि तीर्थ कुंड में मंत्रोच्चारण के साथ तमिल व तेलुगु भाषा में पूजा-अर्चना कराई गई तथा मां नर्मदा के महात्म्य का वर्णन किया गया। पूजन के उपरांत श्रद्धालु जल एवं तट परिवर्तन की परंपरा का निर्वहन करते हुए माई की बगिया की ओर प्रस्थान कर गए।

परिक्रमावासियों ने बताया कि नर्मदा परिक्रमा का जीवन में विशेष महत्व है। यह न केवल आध्यात्मिक साधना का मार्ग है, बल्कि मनोकामनाओं की पूर्ति का भी माध्यम है। महाराष्ट्र के नासिक, जलगांव, नागपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए परिक्रमावासियों ने कहा कि मां नर्मदा की महिमा से प्रेरित होकर वे संकल्प लेकर इस पवित्र परिक्रमा यात्रा पर निकले हैं। अमरकंटक में इन दिनों नर्मदा भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जहां देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु एक ही आस्था में बंधे नजर आ रहे हैं।