पलामू 17 मार्च । पलामू के हुसैनाबाद नगर पंचायत में मंगलवार को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ, जहां नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभी 16 वार्ड पार्षदों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस ने अध्यक्ष अजय कुमार भारती सहित सभी जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि नगर के समग्र विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पारदर्शिता, निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए नगर प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस चुनाव में वार्ड 14 के निर्विरोध निर्वाचित पार्षद सुनील कुमार चौधरी और वार्ड 15 के पार्षद अनवर आलम के बीच सीधा मुकाबला हुआ। कुल 16 मतों में से सुनील कुमार चौधरी को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि अनवर आलम को 06 मत मिले।
इस प्रकार सुनील कुमार चौधरी ने स्पष्ट बहुमत के साथ उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी गोरांग महतो ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने नव-निर्वाचित उपाध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रतन सिंह, बीडीओ सुनील कुमार वर्मा, सीओ पंकज कुमार सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।