सिरसा: गैस सिलेंडरों की जमाखोरी रोकने में प्रशासन नाकाम: फौगाट

Share

सिरसा, 14 मार्च । जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने कहा कि जो भाजपा विकास का राग अलापती है, आज उसी के शासन में आमजन को पर्याप्त गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे और ऐसे में गैस सिलेंडरों के दामों में वृद्धि कर आम आदमी की आर्थिक रूप से कमर तोड़ी गई है। कृष्णा फौगाट शनिवार को सिरसा में मीडिया से रूबरू हो रही थी। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की जमाखोरी रोकने में प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने जिला महिला कांग्रेस की ओर से केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी से इस्तीफा देने की भी मांग की।

जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा फौगाट ने कहा कि आज आमजन को पर्याप्त गैस न मिलने के कारण ग्रामीणांचल व शहरों में भी महिलाएं चूल्हे पर भोजन बनाने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि आज हालात इतने गंभीर हो चले हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लंबी उपभोक्ताओं की कतारें लग रही हैं जो ये सिद्ध करने के लिए काफी हैं कि देश प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा जुमलों की सरकार है और होली, दीपावली पर गैस सिलेंडर फ्री देने की घोषणा भी महज जुमला ही साबित हुई। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि सिरसा शहर की विभिन्न बस्तियों में खुली छोटी छोटी दुकानों पर आम उपभोक्ता दो-दो किलो गैस भरवाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों से गैस सिलेंडर न मिलने के कारण जमाखोरी की स्थिति पैदा हो गई है जबकि भाजपा शासन गलत आंकड़े व दावे प्रस्तुत कर स्थिति को सामान्य बताकर आमजन को भ्रमित कर रहा है। कृष्णा फौगाट ने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग शासन की गलत नीतियों से आहत है। बेरोजगार युवा वर्ग नशे की दलदल में फंसता जा रहा है तो व्यापारियों से फिरौतियां मांगी जा रही हैं वहीं महिलाओं के प्रति अपराधों के ग्राफ में काफी बढ़ौतरी हुई है, जिसे रोक पाने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से विफल साबित हुआ है। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि आज केंद्र सरकार ने विश्व के प्रभावी देशों के शासनाध्यक्षों के समक्ष घुटने टेक दिए हैं जिससे देश का सम्मान वैश्विक स्तर पर कम हुआ है। इस अवसर पर उनके साथ शंकुतला देवी, अंगूरी देवी वर्मा, कृष्णा भांभू, अनिल गुप्ता, जगदेव फौगाट आदि मौजूद थे।