राजगढ़, 14 मार्च । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम भेंसवामाता में शनिवार को मां बिजासन माता ट्रस्ट की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी 19 से 27 मार्च तक आयोजित होने वाले पंचम 108 कुंडली श्री शत चंडी महायज्ञ की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर पर राज्यमंत्री कौशल विकास एवं रोजगार विभाग डाॅ. गौतम टेटवाल, सासंद रोडमल नागर, मां बिजासन माता ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर डाॅ. मिश्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान बिजली, पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं सुचारु रुप से सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्वालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्वालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में महायज्ञ के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की गरिमा के अनुरुप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।