पलामू, 14 मार्च । पलामू के जिला समाहरणालय सभाकक्ष में शनिवार को जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त समीरा एस ने की। इस दौरान उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जनवरी और फरवरी माह में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही इस दौरान 34 लाख 8 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया है। इस मामले में एक प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि खनन विभाग की ओर से जिले के 198 ईंट भट्ठों की जांच की गई, जिसमें सभी को नोटिस जारी किया गया। जांच के बाद 42 ईंट भट्ठों से 67.20 लाख रुपये की दंड राशि वसूली गई है।
जिला परिवहन विभाग की ओर से भी कार्रवाई करते हुए 101 वाहनों को जब्त किया गया और 15 लाख 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं वन विभाग की ओर से पांच मामलों में वाद दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 54 वाहन जब्त किए गए, जिनमें सबसे अधिक सात वाहन छत्तरपुर अंचल से जब्त किए गए हैं।
बैठक में उपायुक्त समीरा एस ने अधिकारियों को अवैध खनन और अवैध परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप ही संचालित हों। यदि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने पुलिस, परिवहन और खनन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने, चेकपोस्ट पर सघन जांच करने और खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और वन विभाग, पुलिस तथा अंचल प्रशासन आपसी समन्वय के साथ निगरानी रखें।
बैठक में जिले की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, सदर एसडीओ सुलोचना मीणा सहित छतरपुर और हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
————