रांची, 14 मार्च । विधानसभा के बजट सत्र में विधायक सोनाराम सिंकू ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की अनुदान मांगों की कटौती प्रस्ताव के विपक्ष में बालते हुए सरकार की योजनाओं की सराहना की। उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं को रखते हुए कहा कि राज्य सरकार पानी की समस्या पर काम कर रही है। वर्ष 2026-27 के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के लिए 5,194 करोड़ 53 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित है।
सरकार का लक्ष्य राज्य के 68 लाख 55 हजार ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अबतक राज्य के 34.46 लाख परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा 07 हजार से अधिक गांवों में नल से जल पहुंचाया जा चुका है। इनमें से 3,129 गांवों को हर घर जल गांव घोषित किया गया है।
विधायक ने गर्मी का मौसम आने पर राज्यभर के कई जगहों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग की। विधायक ने होमगार्ड जवानों की समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में बहाल हुए कई होमगार्ड जवान काम की तलाश में भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी पाने के लिए जवानों से पैसे की मांग की जाती है और उन्हें साल में केवल चार महीने ही काम मिलता है। इस व्यवस्था पर रोक लगनी चाहिए।