कांग्रेस ने गौठान के नाम पर किया घोटाला, हमारी सरकार ,गौवंश के सरंक्षण के लिए शुरू कर रही गौ धाम योजना : उप मुख्यमंत्री साव

Share

रायपुर, 14 मार्च । उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज शनिवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि, कांग्रेस सरकार ने गौठान योजना के नाम पर जनता के पैसों की लूट की। उनकी नीयत गौ माता की सेवा और संरक्षण की नहीं थी, इसलिए योजना में भारी अनियमितताएं सामने आईं। इसके विपरीत हमारी सरकार गौ माता के संरक्षण के लिए गौ धाम योजना प्रारंभ कर रही है।

इसके तहत प्रत्येक विकासखंड में 10-10 गौ धाम बनाए जाएंगे और पूरे प्रदेश में लगभग 1460 गौ धाम स्थापित किए जाएंगे, जिनमें से 36 गौ धाम को अभी प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है।

श्री साव ने बताया कि, यह योजना विशेष रूप से घुमंतू पशुओं के संरक्षण और व्यवस्था के लिए बनाई गई है। इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसमें चरवाहों के मानदेय, पशुओं के चारे और देखभाल सहित सभी आवश्यक प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गौ माता की सेवा का यह एक बड़ा अभियान है, जिससे गौपालकों और पशुपालकों को भी लाभ मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार विकसित भारत के संकल्प के साथ गांवों के विकास के लिए योजनाएं बना रही है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित गांव की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए कई पहल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल नाम का विरोध कर रही है और विकास के विजन से तिलमिला गई है।

श्री साव ने राज्य में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सरकार की सख्ती का जिक्र करते हुए कहा कि, इस पर लगातार त्वरित कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने पूरे प्रदेश में सर्वे कराने की बात भी कही गई है। उन्होंने कहा कि किसी को भी नशे के अवैध कारोबार की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर और पेट्रोल की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों से लोगों को सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।