गैस गोदामों में लाइन लगाने की जरूरत नहीं, घर-घर होगी सिलेंडर की डिलीवरी

Share

हल्द्वानी , 13 मार्च । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गैस गोदामों में उपभोक्ताओं द्वारा लगाई जा रही लाइनों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उपभोक्ताओं को गोदामों में जाकर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है।

जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक कुमाऊं मंडल विकास निगम समेत सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता नजदीकी एजेंसी से गैस बुक करें, जिसके बाद उन्हें घर पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और पहले की तरह ही नियमित रूप से गैस की होम डिलीवरी होती रहेगी। अनावश्यक रूप से गैस गोदामों तक पहुंचकर लाइन लगाने से बचें।