झारखंड के लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सहियाओं की महत्वापूर्ण भूमिका : शशि प्रकाश

Share

रांची, 13 मार्च । रांची के सदर अस्पताल ऑडिटोरियम में शुक्रवार को जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन सह सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम अतिथि के तौर पर अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन शशि प्रकाश झा शामिल हुए। कार्यक्रम का थीम सेलीब्रेटिंग कम्युनिटी लीडर्स था।

राज्य की 57 सहियाओं के पीआरआई मेंबर बनना गर्व की बात : निदेशक

अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि राज्य स्तर से सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि सहियाओं को उनकी प्रोत्साहन राशि का भुगतान समय पर मिले, ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे और अधिक उत्साह के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य की 57 सहिया पीआरआई मेंबर बनी हैं, जो गर्व की बात है।

उन्होंने सभी सहियाओं को इसके लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि आज गांवों में जितने भी बच्चों का जन्म होता है, उनकी माताओं को सहिया कर्मी भली-भांति पहचानती हैं। सुरक्षित प्रसव, मातृ और शिशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहियाओं का बहुमूल्य योगदान रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जागरूकता फैलाने और किशोरियों को स्वास्थ्य केंद्र तक लाकर टीकाकरण कराने में सहिया कर्मियों की अहम भूमिका है।

स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं सहिया : सीएस

वहीं सिविल (सीएस) सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि सहिया दीदी ग्रामीण और शहरी समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, पोषण तथा विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति समुदाय को जागरूक करने में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है।

साथ ही सहिया स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का कार्य करती हैं।

सदर अस्पताल सहिया दीदी के सहयोग से आगे बढ़ा है l आज सदर अस्पताल में सीटी स्कैन, एमआरआई, मैमोग्राफी और अन्य सभी तरह का स्वास्थ्य जांच होता है, जो आयुष्मान योजना के तहत पूरी तरह निशुल्क हैl यदि किसी के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है तो उनका जांच बहुत ही कम पैसे में होता हैl

साथ ही डॉ प्रभात ने कहा कि अगले सप्ताह से सदर अस्पताल में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी का विभाग शुरू होने वाला हैl झारखंड में पहली बार किसी सरकारी अस्पताल में यह विभाग शुरू होने जा रहा हैl यहां प्लास्टिक सर्जरी का विभाग भी चल रहा है। साथ ही स्कीन ग्राफ्टिंग का भी केस आता है जिसका इलाज यहां किया जाता हैl उन्होंने बताया कि अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट भी जल्द ही शुरू होगाl

सिविल सर्जन रांची ने सभी सहिया से अपील किया की सदर अस्पताल में मिलने वाली सभी स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में लोगों को बताएं ताकि वो उनका पूरा लाभ उठा सकेl

राज्य नोडल पदाधिकारी, सामुदायिक उत्प्रेरण कोषांग डॉ मुकेश मिश्रा ने बताया की गांव-गांव और घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में सहियाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है।

राज्य नोडल पदाधिकारी,आईईसी कोषांग डॉ राहुल किशोर ने कहा कि सहिया समुदाय की पहली स्वास्थ्य मार्गदर्शक होती हैं, जो लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सहियाओं से लोगों तक स्वास्थ्य सुविधा और जानकारी पहुंचाने के लिए अपने समुदाय के लोगों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और उसके माध्यम से लोगों को जानकारी समय पर पहुंचाने में मदद करने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाली सहिया दीदी और सभी प्रखंड से कुल 30 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को सम्मानित किया गयाl

इस अवसर पर सिविल सर्जन रांची डॉ प्रभात कुमार, डॉ मुकेश मिश्रा राज्य नोडल पदाधिकारी, सामुदायिक उत्तप्रेरण कोषांग डॉ राहुल किशोर, राज्य नोडल पदाधिकारी, आईईसी कोसांग, डॉ अमरेंद्र कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ असीम कुमार माझी, डीआरसीएचओ अनिमा किस्कू सहित बड़ी संख्या में सहिया दीदी उपस्थित थीं।