गुयाना ग्लोबल सुपर लीग में खेलेगी पर्थ स्कॉर्चर्स एकादश

Share

नई दिल्ली, 12 मार्च । ऑस्ट्रेलिया की सफल टी-२० फ्रेंचाइज़ी टीम पर्थ स्कॉर्चर्स ने गुरुवार को आगामी गुयाना ग्लोबल सुपर लीग में खेलने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। टीम के शामिल होने से इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की प्रतिष्ठा और प्रतिस्पर्धा दोनों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

बिग बैश लीग में अपने शानदार प्रदर्शन, मजबूत नेतृत्व और जीत की परंपरा के लिए जानी जाने वाली पर्थ स्कॉर्चर्स अब वैश्विक मंच पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए तैयार है। दुनिया भर की चैंपियन फ्रेंचाइज़ी टीमों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रतियोगिता गुयाना में खेली जाएगी, जो क्रिकेट की समृद्ध विरासत वाला देश माना जाता है।

ग्लोबल सुपर लीग के अध्यक्ष क्लाइव लॉयड ने पर्थ स्कॉर्चर्स की भागीदारी का स्वागत करते हुए कहा कि यह टीम उत्कृष्टता, पेशेवर रवैये और जीत की परंपरा का प्रतिनिधित्व करती है। उनके अनुसार टीम की मौजूदगी से टूर्नामेंट की गुणवत्ता और वैश्विक आकर्षण दोनों में वृद्धि होगी।

मौजूदा बिग बैश लीग चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स एकादश इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली तीसरी ऑस्ट्रेलियाई टीम होगी। इससे पहले क्रिकेट विक्टोरिया और होबार्ट हरिकेंस की टीमें भी इस टूर्नामेंट में भाग ले चुकी हैं।

पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉन स्टीफेंसन ने कहा कि ग्लोबल सुपर लीग के तीसरे संस्करण में भाग लेने को लेकर टीम बेहद उत्साहित है। उनके अनुसार यह टूर्नामेंट पर्थ स्कॉर्चर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और क्षमता दिखाने का बेहतरीन अवसर देगा।