बालमणा में गुलदार की दहशत से ग्रामीण परेशान

Share

पौड़ी गढ़वाल, 11 मार्च । गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के बालमणा गांव में काम कर घर वापस लौट रहे एक राज मिस्त्री को गुलदार द्वारा निवाला बनाए जाने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत भी बनी हुई है। गुलदार की दहशत के चलते ग्रामीणों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।

वहीं, बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी मौके पर पहुंचीं। इस दौरान ग्रामीणों ने मांग की कि आदमखोर गुलदार को तुरंत शूट किया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और मृतक की पत्नी को गुजारा भत्ता प्रदान करने की मांग भी उठाई गई।

एसडीएम दीक्षिता जोशी ने ग्रामीणों और परिजनों को उनकी मांगों पर न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली गहमा-गहमी और बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव लेने के लिए तैयार हुए। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख कोट गणेश कोली, ग्राम प्रधान चवथ शंकर नौटियाल, विनोद दनोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। गुलदार को कैद करने के लिए पिंजरे लगाए गए है। गुलदार की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।