लेफ्टिनेंट बनने पर आदित्य का किया जोरदार स्वागत

Share

पौड़ी गढ़वाल, 11 मार्च । विकासखंड के चिपलघाट बूंगा गांव का लाल आदित्य कंडारी के सेना में लेफ्टिनेंट बनने से क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है। बुधवार को अपने गृह क्षेत्र पहुंचने पर पैठाणी में ग्रामीणों ने आदित्य का जोरदार स्वागत किया। देहरादून में स्नातक की पढ़ाई के दौरान आदित्य ने दिन में फूड डिलीवरी और रात को कॉल सेंटर पर काम कर सेना में अफसर बनने का सपना पूरा किया है।

आदित्य ने प्रारंभिक शिक्षा एसजीआरआर पैठाणी जबकि डीबीएस कालेज देहरादून से स्नातक किया। सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने के जज्बे को लेकर आदित्य बचपन से ही अनुशासित रहा। 12वीं तक पूरी तरह से सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी और पढ़ाई पर लक्ष्य साधे रखा। स्नातक की पढ़ाई के दौरान आदित्य ने करीब तीन महीने तक साइकिल से डिलीवरी बॉय और रात को कॉल सेंटर में काम कर पढ़ाई जारी रखी। पिता जसपाल कंडारी की पैठाणी में दुकान है जबकि माता लक्ष्मी देवी गृहणी हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है।