सारण में चार दिनों में 300 घोड़पड़ास का शिकार

Share

सारण, 11 मार्च । जिले में किसानों की फसलों के लिए काल बने घोड़पड़ास और जंगली सूअरों के खिलाफ प्रशासन का आखेट अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। पिछले चार दिनों से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 300 से अधिक घोड़पड़ास को मारा जा चुका है, जिससे लंबे समय से नुकसान झेल रहे किसानों ने राहत की सांस ली है।

अभियान के चौथे दिन बनियापुर प्रखंड की पिरौटा खास पंचायत में रोस्टर के अनुसार कार्रवाई की गई। यहाँ प्रशिक्षित शूटरों की टीम ने तीन दर्जन से अधिक घोड़पड़ास का आखेट किया। इस पूरे मिशन का नेतृत्व हैदराबाद के नेशनल शूटर नवाब साफ़ात अली खान कर रहे हैं। वन विभाग की मौजूदगी में चल रहे इस अभियान को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन पंचायतों में नीलगायों का प्रकोप अधिक है, वहां के किसान अपने मुखिया के माध्यम से आवेदन दे सकते हैं। मुखिया की मांग पर रोस्टर के अनुसार शूटरों की टीम संबंधित क्षेत्र में अभियान चलाएगी।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए इसे खेती बचाने के लिए एक आवश्यक निर्णय बताया है। मौके पर वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि व अन्य लोग उपस्थित रहे।