सिरसा, 11 मार्च । हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति रोकने से व्यापार ठप हो जाएंगे। कमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, ढाबे, हलवाई, उद्योग, विवाह-शादी व अन्य व्यापार पर बहुत बुरा असर पड़ेगा। बजरंग गर्ग बुधवार को सिरसा जिले के रानियां शहर में व्यापारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
गर्ग ने सरकार को कमर्शियल गैस की आपूर्ति को सुचारू रूप से चालू करनी चाहिए, ताकि व्यापार व उद्योग पर बुरा असर ना पड़े। बजरंग गर्ग ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर पर 60 रुपए व कमर्शियल सिलेंडर पर 125 रुपए की बढ़ोतरी करने से जनता में बड़ी भारी नाराजगी है। एलपीजी सिलेंडर व कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेटों की बढोतरी से आम जनता पर भारी भरकम बोझ पड़ेगा, जबकि पिछली सरकार में रसोई गैस सिलेंडर 413 रुपए का था व डीजल 55 रुपए 49 पैसे था, मगर इस सरकार ने रसोई गैस सिलेंडर में भारी भरकम बढ़ोतरी करके 931 रुपए का कर दिया और पेट्रोल व डीजल के रेट लगभग 95 रुपए प्रति लीटर करके जनता की जेबों में डाका डालने का काम किया है।
भाजपा सरकार ने महंगाई खत्म करने का वादा किया था, मगर महंगाई खत्म करने की बजाय पहले से दो गुणा महंगाई का बोझ जनता पर डालने का काम सरकार ने किया है। यहां तक की खाद्य वस्तुएं व आम जरूरत के समान में अनाप-शनाप बढ़ोतरी करके जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। सरकार को महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने चाहिए। व्यापार मंडल के प्रदेश उप प्रधान आनंद बियानी, जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, सोमनाथ शैट्टी, कॉटन एसोसिएशन के प्रधान सुशील मित्तल, सुरेश गोयल, प्रदेश राजेंद्र बंसल,निरंजन गोयल, राहुल गर्ग आदि मौजूद थे।