भोपाल में माइनिंग कारोबारी दिलीप गुप्ता के ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा, दस्तावेज खंगाले जा रहे

Share

भोपाल, 11 मार्च । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार सुबह आयकर विभाग (आईटी) ने माइनिंग कारोबारी दिलीप गुप्ता के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने सुरक्षा बलों के साथ शहर के कई स्थानों पर एक साथ दबिश देकर जांच शुरू की है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार तड़के करीब 6 बजे आयकर विभाग की टीमें भोपाल के चूनाभट्टी स्थित पारिका सोसाइटी फेस-2 में स्थित दिलीप गुप्ता के निवास और एमपी नगर स्थित उनके कार्यालय पहुंचीं। यहां टीम कारोबारी और उनके परिवार से पूछताछ के साथ-साथ कारोबार और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

कई शहरों में एक साथ कार्रवाई

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं है। आयकर विभाग की टीमें दिल्ली, कानपुर और छतरपुर में भी दिलीप गुप्ता से जुड़े ठिकानों पर जांच कर रही हैं। अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर वित्तीय लेनदेन और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया है।

दस्तावेज, बैंक लेनदेन और संपत्ति की पड़ताल

छापेमारी के दौरान अधिकारी बैंक खातों, आय-व्यय के रिकॉर्ड, प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आय और घोषित संपत्ति के बीच कोई असमानता या टैक्स चोरी तो नहीं हुई है।

पहले भी हो चुकी है जांच

इससे पहले आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) भी दिलीप गुप्ता से जुड़े भोपाल के दो ठिकानों पर कार्रवाई कर चुका है। उस दौरान जांच एजेंसी को बड़ी मात्रा में नकदी, दस्तावेज और कई अहम फाइलें मिली थीं। गुप्ता और उनकी कंपनियों—डीजी माइंस एंड मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड और श्री मां सीमेंटेक प्राइवेट लिमिटेड—पर निवेशकों के करोड़ों रुपये हड़पने के आरोप भी लगे थे। फिलहाल आयकर विभाग की टीम दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी सामने आएगी।