धनबाद, 11 मार्च । धनबाद जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया गश्त को चुनौती दी है। ताजा मामला बाघमारा थाना क्षेत्र के हरिणा बाजार का है, जहां चोरों ने बीती रात एक ज्वेलरी दुकान की दीवार काटकर यानी सेंधमारी कर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना हरिणा बाजार स्थित भगवती अलंकार ज्वेलरी शॉप की है। बताया जा रहा है कि शातिर चोरों ने देर रात दुकान की पिछली दीवार में सेंधमारी की और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने बड़े ही इत्मीनान से पूरी दुकान को खंगाला और तिजोरी और शोकेस में रखे कीमती जेवरात समेट लिए। सुबह जब दुकानदार शिवलाल स्वर्णकार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात के डिब्बे खाली थे।
इस बड़ी चोरी के बाद हरिणा बाजार के व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। कारोबारियों का साफ तौर पर कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्ती सिर्फ कागजों पर सिमट कर रह गई है। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं ने दुकानदारों की नींद उड़ा दी है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद नहीं किया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और बाजार बंद करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुटी है।
इस संबंध में पीड़ित दुकानदार शिवलाल स्वर्णकार ने कहा जब हम सुबह दुकान आए तो देखा कि पीछे की दीवार कटी हुई है। चोरों ने लगभग 6 किलो चांदी और 75 ग्राम सोना निकाल लिया है। गल्ले में रखे 60 हजार रुपये भी गायब हैं। कुल मिलाकर करीब 25 लाख रुपये की चोरी हुई है। हमने पुलिस को सूचना दे दी है, अब देखते हैं क्या कार्रवाई होती है।