जयपुर, 10 मार्च । राजधानी जयपुर में मंगलवार को पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। भारत सरकार का पासपोर्ट सेवा केंद्र (ऑर्बिट मॉल) और रीजनल पासपोर्ट ऑफिस जयपुर (झालाना) को ई-मेल के जरिए गैस बम से विस्फोट करने की धमकी दी गई। धमकी देने वाले ने खुद को आईएसआई से जुड़ा बताया था।
सूचना मिलते ही राजस्थान पुलिस, एटीएस और बम डिफ्यूज टीम मौके पर पहुंच गई और दोनों कार्यालयों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालयों में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाल दिया गया तथा एंट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के अनुसार धमकी भरा ईमेल मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मिला। जिसमें दोपहर 1:10 बजे ब्लास्ट होने की बात लिखी गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी तरह का ई-मेल जयपुर के अलावा जैसलमेर, कोटा सहित प्रदेश के अन्य शहरों के पासपोर्ट कार्यालयों को भी भेजा गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इसे फर्जी ई-मेल मानकर जांच कर रही हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।