मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित ‘क्वींस ऑन द व्हील्स’ बाइक अभियान के तीसरे संस्करण के तहत देशभर की 25 महिला सुपर बाइकर्स शिवपुरी पहुंचीं। शहर के एमपीटी टूरिस्ट विलेज में पहुंचने पर जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की टीम ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह सात दिवसीय विशेष बाइक यात्रा को मुख्यमंत्री डॉ.
मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने निवास से हरी झंडी दिखाकर रवाना की थी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करना और महिलाओं को साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित कर महिला सशक्तिकरण का संदेश देना है।
लगभग 1400 किलोमीटर लंबी यह बाइक ट्रेल भोपाल से शुरू होकर सांची, उदयगिरि और चंदेरी होते हुए 9 मार्च को शिवपुरी पहुंची। यहां महिला बाइकर्स ने शहर के प्रसिद्ध सिंधिया छतरी का भी भ्रमण किया और उसके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी ली।
स्वागत कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी सौरभ गौड़, पर्यटन प्रबंधक देव सोनी और कार्यालय प्रभारी रामपाल सिंह कुशवाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सौरभ गौड़ ने महिला बाइकर्स को जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर भेंट किया तथा उसमें दर्शाए गए प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी साझा की।
सात दिनों की यह यात्रा भोपाल से प्रारंभ होकर सांची, उदयगिरि, चंदेरी, शिवपुरी, कूनो, ग्वालियर, दतिया, ओरछा और खजुराहो जैसे ऐतिहासिक शहरों से गुजरते हुए 13 मार्च को पुनः भोपाल में समाप्त होगी। इस पहल के माध्यम से राज्य मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्डके पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने के साथ-साथ प्रदेश को महिलाओं के लिए सुरक्षित और आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहा है।
इस महिला बाइकिंग टूर का नेतृत्व मुंबई की 62 वर्षीय डॉ. नीता कर रही हैं। इस समूह में भोपाल की आठ, मुंबई और नागपुर की पांच-पांच तथा ग्वालियर, बेंगलुरु, कोलकाता, पुणे और नोएडा की एक-एक महिला राइडर शामिल हैं। भोपाल से सारा खान, राजनंदिनी, दिव्या रमन, मयूरी सोनी, दिशा राकेशीय, उन्नति चौरसिया, सेजल कुशवाहा और महक बाथम भाग ले रही हैं। इसके अलावा ग्वालियर की शबनम बानो, मुंबई की हेतल उपाध्याय, माधुरी नायक, मधु हेलचल, तनु प्रिया और रिद्धि, बेंगलुरु की सोना प्रियदर्शनी, कोलकाता की सायंती घोष, पुणे की कल्याणी पोटेकर, नागपुर की डॉ. प्रियंका रुक्मणी, रुचिका मेघे, एकता खेते, मैथिली सिंह और पल्लवी देशमुख, नोएडा की डॉ. सुमित तथा संभाजीनगर की कविता जाधव इस रोमांचक यात्रा का हिस्सा हैं।