चलती वंदे भारत ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Share

हजारीबाग, 09 मार्च । हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक ने चलती वंदे भारत ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना कदमा-नावाटांड रेलवे ट्रैक के पास हुई। मृतक की पहचान नावाटांड निवासी ईश्वर राम के रूप में की गई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन कोडरमा से हजारीबाग टाउन रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। इसी दौरान कदमा-नावाटांड रेलवे ट्रैक के पास युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।