जयपुर, 07 मार्च । आमेर फोर्ट के सामने स्थित मावठा झील में 9 मार्च से पर्यटकों के लिए बोटिंग सेवा शुरू होगी। पर्यटन विभाग ने इसके संचालन का अनुबंध जसराज इन्फ्रा को दिया है।
पर्यटन निदेशक माधव शर्मा ने बताया कि इस सुविधा से आमेर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक झील में नौकायन करते हुए किले की भव्यता और आसपास की पहाड़ियों का सुंदर नजारा देख सकेंगे। कंपनी प्रमुख कपिल कछावा के अनुसार पर्यटकों के लिए शिकारा, पैडल बोट, स्पीड बोट और एक्वा साइकिल जैसी कई बोटिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यटन विभाग ने बोटिंग के लिए अलग-अलग दरें तय की हैं। पैडल बोट (4 सीटर, 30 मिनट) का शुल्क भारतीयों के लिए 200 और विदेशियों के लिए 400 रुपए रहेगा। स्पेशल पैडल बोट (2 सीटर) 300 और 600 रुपए, इलेक्ट्रिक मोटर बोट 400 और 800 रुपए, इलेक्ट्रिक लग्जरी मोटर बोट 800 और 1600 रुपए, शिकारा राइड 500 और 1000 रुपए तथा स्पीड बोट प्रति चक्कर 400 और 800 रुपए तय किए गए हैं।
बच्चों के लिए भी विशेष रियायत रखी गई है। 3 से 8 वर्ष तक के बच्चों से भारतीय पर्यटकों के लिए 50 प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा। जबकि 3 वर्ष से कम आयु के बच्चों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।