फतेहाबाद : ई-दिशा केन्द्र के पास युवक से नकदी छीनी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Share

फतेहाबाद, 07 मार्च । लघु सचिवालय में ई-दिशा केन्द्र के पास एक व्यक्ति से नकदी छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना शहर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। काबू किए गए आरोपी की पहचान जुगलान निवासी हवा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई 17 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में गांव बरसीन निवासी रणधीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार छह मार्च को वह अपने निजी कार्य से फतेहाबाद सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्र के पास गया हुआ था। इसी दौरान उसे अपने एक जानकार को पैसे देने थे, इसलिए वह अपनी जेब से पैसे निकालकर गिनने लगा, उसी समय एक अनजान व्यक्ति उसके पास आया और उससे बातचीत करने लगा तथा वकीलों के चैंबर के बारे में पूछने लगा। इसी बीच उक्त व्यक्ति ने अचानक उसके हाथ में पकड़े हुए 17 हजार रुपये छीन लिए और वहां से भागने लगा। शिकायतकर्ता ने उसका पीछा किया और सचिवालय के मुख्य गेट के सामने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हवा सिंह बताया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपी को छीने गए पैसों सहित पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उससे छीनी गई 17 हजार रुपये की नगदी बरामद कर ली है।