गाजियाबाद :- आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जहां सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं भाजपा ने निचले स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के काम में जुट गई है। इस क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने महानगर क्षेत्र में आने वाले निगम के सभी 100 वार्ड में अपनी टीम को और अधिक मजबूत बनाते हुए विभिन्न पदों पर कर्मठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं जिम्मेदारी सौंपी है। निगम क्षेत्र में किए गए व्यापक परिवर्तन से पार्टी संगठन को बहुत अधिक लाभ मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
इस संबंध में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि महानगर क्षेत्र में निगम के 100 वार्ड स्थित हैं। जहां पार्टी ने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठाए हैं। ऐसे में पूरे महानगर के सभी कार्यकर्ताओं की समीक्षा की गई। जिसके बाद सभी वार्ड में वार्ड अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य महत्वपूर्ण पदों पर ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है जो कि पार्टी की नीतियों पर चलते हुए लगातार सक्रियता से काम कर रहे हैं। निश्चित रूप से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा टीम एक मजबूत टीम के रूप में उभर कर सामने आएगी। जहां अपने प्रत्याशियों के पक्ष में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता इस तरह से काम करेंगे कि विपक्षियों को चुनावी मैदान में खड़े होने की जमीन तक नहीं मिलेगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल संगठन की प्राथमिकता स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव है जहां लगातार सभी कर्मठ कार्यकर्ता अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए पार्टी प्रत्याशी को मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं आगामी 1 दिसंबर को कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाएगी और पार्टी के दोनों प्रत्याशी प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिस तरह से वार्ड अध्यक्षों की घोषणा की गई है उसको नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
टिकट मांगने का हक सबको है, संगठन वक्त आने पर निर्णय करेगा कि किसको टिकट दिया जाना चाहिए और किसको अन्य महत्वपूर्ण पदों पर समायोजित करना चाहिए। ऐसे में पार्टी के सभी कार्यकर्ता पदाधिकारी पूरी तरह से स्वतंत्र है कि वह अपने कार्य के बल पर टिकट मांग सकते हैं। जिसका फैसला संगठन उनकी क्षमता, सक्रियता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए करेगा।