तुतला भवानी महोत्सव में स्वाति मिश्रा के भजनो ने भक्तिमय बनाया

Share

डेहरी आन सोन, 6 मार्च (हिस ) । रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड स्थित प्रसिद्ध मां तुतला भवानी मंदिर के समीप भव्य रूप से मां तुतला भवानी महोत्सव का आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार इस महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसे लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

महोत्सव का उद्घाटन डेहरी के विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, डेहरी एसडीएम निलेश कुमार एवं जिला पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आज किया। उद्घाटन के अवसर पर अतिथियों ने मां तुतला भवानी के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान देश के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रसिद्ध गायिका स्वाती मिश्रा, पूजा चटर्जी, अरविंद अकेला कल्लू, अनुपमा यादव, वर्षा तिवारी एवं तान्या मवार ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। साथ ही आनंद तिवारी, गुड्डू राज रसिया, विकास पांडेय ने भी अपने गीतों की प्रस्तुति दिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शक झूमते रहे और तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंजता रहा। तिलौथू विद्यालय के बच्चों द्वारा नृत्य की प्रस्तुति की गई। दीपशिखा डांस ग्रुप ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।

महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए लोगों ने भाग लिया।

इस प्रकार के आयोजन से मां तुतला भवानी धाम को पर्यटन मानचित्र पर और अधिक पहचान मिलेगी तथा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।

महोत्सव में सिविल सर्जन मणि राज रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसडीपीओ डेहरी दो वंदना कुमारी, मां तुतला भवानी मंदिर के अध्यक्ष गुरुचरण यादव, सामाजिक कार्यकता संजीव सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी तिलौथू अंकिता जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहेl