मंडी, 05 मार्च । मंडी में जिला युवा कांग्रेस द्वारा जिलाध्यक्ष निखिल ठाकुर की अध्यक्षता में केंद्र में बैठी तानाशाही सरकार के खिलाफ तथा हाल ही में हुई ट्रेड डील के विरोध में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि यह ट्रेड डील देश के किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य साथियों की हाल ही में की गई गिरफ्तारी के विरोध में भी जोरदार प्रदर्शन किया गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने पर युवाओं को गिरफ्तार करना लोकतंत्र को दबाने की कोशिश है, जिसे युवा कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपना कड़ा विरोध दर्ज करवाया और चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने जनविरोधी फैसले वापस नहीं लिए तो युवा कांग्रेस आने वाले समय में और भी उग्र आंदोलन करेगी।
इस मौके पर जिला मंडी के सह प्रभारी गौरव शर्मा, प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर, प्रदेश महासचिव मनोज कुमार, दिनेश पटियाल एवं चन्दर कौशल और जिला मंडी के विधानसभा अध्यक्ष सहित युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।