नदी में डूबने से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 05 मार्च । पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटिया थाना क्षेत्र के सरबाई गांव निवासी प्रेम पूर्ति (52) की नदी में डूबने से गुरुवार को मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक के पुत्र गंगाराम पूर्ति ने बताया कि 4 मार्च को उनके पिता प्रेम पूर्ति सुबह नोवामुंडी प्रखंड के कुंदरीझोर गांव में मागे पर्व में शामिल होने गए थे। दोपहर में गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि नदी में किसी का शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। उस समय तक प्रेम पूर्ति घर नहीं लौटे थे, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

सूचना मिलते ही गंगाराम पूर्ति अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नदी किनारे पहुंचे। वहां उन्हें अपने पिता की चप्पल किनारे पर मिली और कुछ दूरी पर पानी में एक शव दिखाई दिया। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि वह शव प्रेम पूर्ति का ही है।

परिजनों के अनुसार, जिस नदी में यह घटना हुई, वहां कोई पुल नहीं है। गांव के लोग अक्सर नदी को पैदल या तैरकर पार करते हैं। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम पूर्ति नदी पार करने के दौरान डूब गए होंगे। हालांकि, परिजनों का कहना है कि वह ज्यादा नशा नहीं करते थे, इसलिए उनके अचानक डूबने की घटना उन्हें समझ नहीं आ रही है।

घटना की सूचना ग्रामीण मुंडा को दी गई, जिसके बाद जेटिया थाना पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।