होली जुलूस के दौरान रंग फेंकने से तनाव, पुलिस बल तैनात

Share

बूंदी, 04 मार्च । जिले के अलोद गांव में होली जुलूस के दौरान रंग फेंकने की घटना को लेकर बुधवार दोपहर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जुलूस के गांव से गुजरने के दौरान कथित रूप से रंग फेंके जाने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

दूसरे पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया है कि उनके धार्मिक स्थल पर जानबूझकर काला रंग फेंका गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने बताया कि दोपहर में रंग फेंकने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने स्वयं घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और गांव में एहतियातन पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि अलोद गांव में पूर्व में भी सामुदायिक तनाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रामनवमी जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर भी विवाद उत्पन्न हुआ था। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।