उत्तराखंड में फिलहाल राहत, बारिश के आसार नहींं

Share

देहरादून, 04 मार्च । उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश के आसार नहीं हैं। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के सभी जनपदों में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। किसी भी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। बुधवार सुबह देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में खिली धूप निकली।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। अन्य स्थानों में पंतनगर का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री, मुक्तेश्वर 8.3 डिग्री तथा नई टिहरी 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है।

मौसम विभाग ने दोपहर के समय बढ़ती धूप को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। फिलहाल प्रदेशवासियों को मौसम से राहत बनी हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि वर्तमान में कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी नहीं है, जिसके कारण प्रदेश में मौसम स्थिर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी।