नेपाल में मतदान से एक दिन पहले राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के किशोरी साह की उम्मीदवारी रद्द

Share

काठमांडू, 04 मार्च । निर्वाचन आयोग ने धनुषा निर्वाचन क्षेत्र संख्या–1 से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के उम्मीदवार किशोरी साह की उम्मीदवारी रद्द कर दी है। ऐसी स्थिति में यदि घंटी चुनाव चिन्ह पर अधिक मत पड़ते हैं, तो दूसरे स्थान पर रहने वाले वैध उम्मीदवार को विजयी घोषित किया जाएगा।

आयोग के प्रमुख आयुक्त रामप्रसाद भण्डारी ने बुधवार को पत्रकार सम्मेलन करके बताया कि बैंक तथा वित्तीय संस्थाओं की काली सूची में नाम होने के प्रमाण मिलने के बाद उनकी उम्मीदवारी रद्द की गई है। आयोग के मुताबिक कर्जा सूचना केन्द्र के अद्यतन विवरण के अनुसार कमल निर्माण सेवा प्राइवेट लिमिटेड के शेयरधारक किशोरी साह का नाम वर्ष 2024 में काली सूची में दर्ज हुआ था। साथ ही उनका नाम एकल तथा संयुक्त रूप से चेक बाउंस संबंधी काली सूची में भी शामिल है। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी रद्द हो चुकी है, लेकिन मतपत्र पूर्ववत ही रहेगा। अर्थात प्रत्यक्ष निर्वाचन में ‘घंटी’ चुनाव चिन्ह मतपत्र से नहीं हटेगा।

ऐसे में यदि मतदाता घंटी चिन्ह पर मतदान करते हैं तो निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायणप्रसाद भट्टराई ने बताया कि ऐसा मत स्वतः ही अमान्य माना जाएगा। जब यह पूछा गया कि यदि घंटी चुनाव चिन्ह पर सबसे अधिक मत पड़ जाएं, तो क्या दूसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार को विजयी घोषित किया जाएगा या चुनाव ही रद्द होगा। इस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि घंटी चुनाव चिन्ह पर अधिक मत पड़ते हैं, तो दूसरे स्थान पर रहने वाले वैध उम्मीदवार को विजयी घोषित किया जाएगा।

चुनाव प्रचार खत्म होनेके बाद उम्मीदवारी खारिज किए जाने के निर्णय से पार्टी में हलचल मच गई है। कई लोग यह प्रश्न उठा रहे हैं कि पहले ही यह निर्णय क्यों नहीं लिया गया। इस पर आयोग के प्रवक्ता भट्टराई ने कहा कि शिकायत प्राप्त होने और उसकी जांच पूरी होने के बाद ही निर्णय लिया गया है।