बलरामपुर : शंकरगढ़ में अवैध ईंट निर्माण पर बड़ी कार्रवाई, 1 लाख कच्ची ईंट और 25 टन कोयला जब्त

Share

बलरामपुर, 03 मार्च । जिले में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों और खनिज दोहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शंकरगढ़ विकासखंड में बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने अवैध ईंट निर्माण गतिविधियों पर छापेमारी कर लगभग 1 लाख कच्ची ईंटें और 25 टन कोयला जब्त किया है।

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी शंकरगढ़ विवेक अनमोल टोप्पो ने किया। राजस्व, खनिज एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पाया गया कि निजी भूमि पर खनिज मिट्टी का अवैध उत्खनन कर ईंट निर्माण किया जा रहा था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ईंट पकाने के लिए लगभग 25 टन कोयले का उपयोग किया जा रहा था। संबंधित व्यक्ति द्वारा बिना वैध दस्तावेज और सक्षम अनुमति के यह गतिविधि संचालित की जा रही थी। प्रशासन ने इसे नियमों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए जब्ती की कार्रवाई की।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनन और अवैध ईंट भट्ठों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।