फतेहाबाद, 25 फरवरी । हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की परीक्षाएं 26 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा के अंतर्गत जिला फतेहाबाद में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसके तहत 12वीं में 10,797 व 10वीं में 13,288 परीक्षार्थी शामिल हैं। जिले में कोई संवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है। परीक्षाओं को लेकर उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि एक अप्रैल तक 12वीं व 26 फरवरी से 20 मार्च तक हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं के लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित ड्यूटी का पालन करें। परीक्षा नकल रहित, शांतिपूर्ण हो, इसके लिए सभी दिशा निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए। एसडीएम, डीईओ, बीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की अगुवाई में परीक्षाओं के लिए उडऩदस्तों का गठन भी किया गया है। विद्यार्थी बोर्ड की हिदायत अनुसार शांति पूर्वक परीक्षा दें। ड्यूटी पर तैनात संबंधित अधिकारी व सुपरवाईजर सभी हिदायतों का विशेष ध्यान रखें। डीसी ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के तत्वावधान में आयोजित परीक्षा के अंतर्गत जिला फतेहाबाद में कुल 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसके तहत 12वीं में 10,797 व 10वीं में 13,288 परीक्षार्थी शामिल हैं। जिले में कोई संवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है। परीक्षा नकल रहित करवाने के लिए बोर्ड स्तर, एसडीएम स्तर तथा खंड शिक्षा अधिकारी स्तर पर फ्लाईंग स्क्वायड का गठन किया गया है, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग की जाएगी। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी ईमानदारी, निष्पक्षता और अलर्ट रूप से कार्य करें। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन व डिजिटल वॉच पर पाबंदी रहेगी। डीसी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों की एंट्री के दौरान सही से जांच हो।