नई दिल्ली, 25 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर इज़राइल पहुंचने पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पहुंच कर उनका स्वागत किया। मोदी को स्पेशल गार्ड ऑफ़ ऑनर भी दिया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक ‘एक खास और दिल को छू लेने वाले अंदाज़’ में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत हुआ। नौ साल में यह उनका इज़राइल का दूसरा दौरा है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, “मैं अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।” उन्होंने आशा व्यक्त की कि यात्रा और द्विपक्षीय चर्चा से भारत-इजराइल मित्रता को मजबूत करने वाले सार्थक परिणाम आएंंगे।
दूसरी ओर इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा, “मेरी पत्नी सारा और मैंने आज अपने अच्छे दोस्त, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया, जो इज़राइल के एक और ऐतिहासिक दौरे पर आए हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले 2017 में इज़राइल का दौरा किया था और बाद में वे भी भारत दौरे पर गए थे। हमारे बीच करीबी व्यक्तिगत रिश्ते हैं। हम अक्सर बात करते हैं। उनका मानना है कि हमारे बीच गहरी दोस्ती हमारे दोनों देशों के बीच के रिश्तों को और मज़बूती से दिखाती है।
उन्होंने आगे के कार्यक्रम बताए कि हम नेसेट (संसद) में आयोजित एक औपचारिक स्वागत समारोह में भाग लेंगे, यरुशलम में आयोजित एक नवाचार कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि इज़राइल रणनीतिक एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा तथा कृषि जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच गहरा सहयोग स्थापित है। यह संबंध पारस्परिक विश्वास, साझा प्राथमिकताओं और भविष्य की उभरती प्रौद्योगिकियों में निरंतर बढ़ते सहयोग पर आधारित है।
———–