ग्वालियरः संभागीय हाट बाजार में आज खुलेगा स्थायी “आजीविका मार्ट”, मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल शुभारंभ

Share

ग्वालियर, 25 फरवरी । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में फूलबाग स्थित संभागीय हाट बाजार में स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए स्थायी “आजीविका मार्ट” खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को दोपहर में इसका वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी हितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि संभागीय हाट बाजार में आयोजित होने जा रहे आजीविका मार्ट के उदघाटन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव व उपाध्यक्ष प्रियंका घुरैया मौजूद रहेंगीं।

ग्वालियर के आजीविका मार्ट में होली के सामान के साथ-साथ स्वय सहायता समूहों द्वारा निर्मित अन्य उत्पाद उपलब्ध होंगे। फूलबाग स्थित संभागीय हाट बाजार में 27 व 28 फरवरी को “होली के रंग, आजीविका के संग” होली मेला लगेगा। इस मेले में संभाग भर में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं दीदियां एक से बढ़कर एक उत्पाद लेकर आयेंगीं।

यह मेला दोनों दिन दोपहर 12 बजे से देर शाम 8 बजे तक आम जनता के लिये खुला रहेगा। स्व-सहायता समूहों को इस होली मेले में स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित आकर्षक हस्तशिल्प उत्पाद देखे व खरीदे जा सकेंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शहरवासियों से स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए जा रहे होली मेले का आनंद लेने और खरीदी कर उन्हें प्रोत्साहित करने की अपील की है।