जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, 25 से 27 तक प्रशिक्षण

Share

नैनीताल, 24 फ़रवरी । जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जनपद नैनीताल में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि डिजिटल डेटा संकलन के लिए यह प्रशिक्षण 25 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक पूर्वाह्न 10.30 बजे से सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी, तहसील, नगर पंचायत, नगर पालिका परिषद, कैंटोनमेंट बोर्ड, तकनीकी सहायक, जनगणना लिपिक, नगर आयुक्त तथा प्रमुख जनगणना अधिकारी इस प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 के प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए जनगणना अधिकारियों के साथ सहायक चार्ज जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है। इन्होंने निर्देश दिए कि सभी नामित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें। साथ ही कहा कि तैयार किए जाने वाले सभी आंकड़ों का अपने स्तर से सावधानीपूर्वक परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि जनगणना राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण कार्य है।