दिल्ली के भारत मंडपम में गूंजा डूंगरपुर का नाम, एआई हैकाथॉन में नेहा चौबीसा ने बनाया टॉप-10 में स्थान

Share

डूंगरपुर, 19 फ़रवरी । वागड़ की प्रतिभाएं अब केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी वैश्विक पटल पर अपनी धाक जमा रही हैं। दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित एआई ग्लोबल समिट के दौरान एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। डूंगरपुर की नेहा चौबीसा ने प्रतिष्ठित टाटा भारत युवा एआई हैकाथॉन में अपनी मेधा का परिचय देते हुए देशभर के हजारों प्रतिभागियों के बीच टॉप-10 में जगह बनाई है।

​इस राष्ट्रीय स्तर की हैकाथॉन में देशभर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए लगभग 3 से 4 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता की चुनौती बेहद कठिन थी, जिसमें निर्धारित समय सीमा के भीतर एक व्यावहारिक एआई एप्लिकेशन तैयार करनी थी। डूंगरपुर निवासी विनय कुमार चौबीसा की सुपुत्री नेहा चौबीसा ने अद्भुत एकाग्रता और कौशल का प्रदर्शन करते हुए मात्र 75 मिनट में अपना प्रोजेक्ट पूर्ण कर लिया। उनकी इस फुर्ती और सटीक कोडिंग ने उन्हें शीर्ष 10 विजेताओं की सूची में शामिल कर दिया।

​नेहा ने अपने प्रोजेक्ट के लिए सार्वजनिक हित को केंद्र में रखा। उन्होंने जनसुनवाई एआई एप्लिकेशन विकसित की है, जो विशेष रूप से उन दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए डिज़ाइन की गई है जहाँ शिक्षा का अभाव है। इस ऐप के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपनी स्थानीय भाषा या बोली में अपनी समस्याओं को बोलकर दर्ज करा सकेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य भाषा की बाधा को खत्म कर आम जन की शिकायतों और सुझावों को सीधे प्रशासन तक सुगम तरीके से पहुँचाना।

​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नेहा सहित टॉप-10 प्रतिभागियों को मंच पर आमंत्रित किया और उनके नवाचार की सराहना की। वैष्णव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी नवाचार ही विकसित भारत की नींव रखेंगे। इस दौरान नेहा को समिट में आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से भविष्य की अत्याधुनिक तकनीकों को करीब से समझने का भी अवसर मिला। नेहा की इस सफलता पर डूंगरपुर में खुशी की लहर है और इसे जिले के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है।