कटनी के बम्हनगवां में जर्जर दीवार गिरी, 10 वर्षीय छात्र की मौत

Share

कटनी, 18 फ़रवरी । मध्‍य प्रदेश के कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्हनगवां स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल परिसर की जर्जर बाउंड्री वॉल गिरने से 10 वर्षीय छात्र राजकुमार बर्मन की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना ने सरकारी स्कूलों के ढांचागत हालात और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

शौचालय के पास हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार प्रतिदिन की तरह स्कूल पहुंचा था। दोपहर के समय वह परिसर में बने शौचालय के पास था, तभी अचानक कमजोर हो चुकी बाउंड्री वॉल भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ और स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचा। गंभीर स्थिति को देखते हुए छात्र को तत्काल ऑटो से विजयराघवगढ़ शासकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

राजकुमार का परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसके पिता का टीबी बीमारी से निधन हो चुका था। उसकी मां दूसरों के घरों में काम करने के साथ शाम को फुलकी-चाट बेचकर परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। इस हादसे ने उनका इकलौता सहारा भी छीन लिया।

शिक्षा विभाग पर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जर्जर दीवार की समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। स्कूलों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

जिला कलेक्टर आशीष तिवारी ने घटना को गंभीर बताते हुए जिम्मेदारों के विरुद्ध जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मृतक छात्र के परिजनों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही बिजरावगढ़ एसडीएम को मौके पर पहुंचकर जर्जर भवन और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि उक्त स्थान पर नए भवन के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति पूर्व में ही मिल चुकी है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरे मामले की जांच में जुटा है।