सूरजपुर, 18 फ़रवरी । नए आपराधिक कानूनों को लेकर आमजन और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी सलका-उमेश्वरपुर पुलिस ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमेश्वरपुर में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का आयोजन आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा तथा डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में किया गया। आज बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में चौकी प्रभारी संजय यादव ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि न्याय को अधिक प्रभावी, त्वरित और पीड़ित-केंद्रित बनाना है। ई-एफआईआर की सुविधा, डिजिटल साक्ष्यों की वैधता, समयबद्ध जांच और महिलाओं व कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए सख्त प्रावधान इन कानूनों की प्रमुख विशेषताएं हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, कानून के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका पर भी मार्गदर्शन दिया गया। प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने नए कानूनों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य चंद्रपाल लकड़ा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सूरजपुर पुलिस का यह प्रयास युवाओं को कानूनी रूप से जागरूक बनाकर समाज में कानून के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।