स्टावांगर (नॉर्वे), 18 फरवरी । विश्व शतरंज के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार वेस्ली सो ने नार्वे चेस 2026 में अपनी वापसी की पुष्टि कर दी है। यह उनका इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में छठा सहभाग होगा। महज 14 वर्ष की उम्र में ग्रैंडमास्टर का खिताब हासिल करने वाले वेस्ली सो ने जल्द ही अपनी पीढ़ी के अग्रणी खिलाड़ियों में स्थान बना लिया है।
वेस्ली सो ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “मैं नॉर्वे शतरंज में फिर से खेलने को लेकर बेहद खुश हूं। शानदार धूप में यहां आना सुखद अनुभव है। एक मजेदार और चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं!”
पूर्व विश्व नंबर दो रह चुके वेस्ली सो पिछले एक दशक से अंतरराष्ट्रीय शतरंज के शीर्ष स्तर पर लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं। अपने करियर के शिखर पर उन्होंने 2800 से अधिक रेटिंग हासिल की और 2016 से 2017 के बीच क्लासिकल प्रारूप में 67 मुकाबलों तक अपराजित रहने का अद्भुत रिकॉर्ड बनाया। वेस्ली सो 2019 में फिडे विश्व फिशर रैंडम चैंपियन बने। इसके अलावा वे तीन बार अमेरिकी चैंपियन रह चुके हैं और संयुक्त राज्य अमेरिका की टीम के साथ ओलंपियाड स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं। उन्होंने कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी खिताब अपने नाम किए हैं।
अपनी सटीकता, नियंत्रण और गहन तैयारी के लिए पहचाने जाने वाले सो मुकाबलों में बहुत कम गलतियां करते हैं और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ भी जीत की दौड़ में बने रहते हैं।
नॉर्वे शतरंज की मुख्य संचालन अधिकारी बेनेडिक्ट वेस्ट्रे स्कॉग ने उनकी वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, “वेस्ली लंबे समय से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और इतनी निरंतरता दुर्लभ है। वे हर मुकाबले में शांति, गहराई और असली जुझारूपन लेकर आते हैं। जब वे खेलते हैं, तो उच्च स्तर की गुणवत्ता की उम्मीद रहती है।”