शिमला, 18 फ़रवरी । शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक को चिट्टा और नकदी के साथ पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस थाना रोहडू की टीम मंगलवार की शाम को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर ने सूचना दी कि कमल चौहान नाम का व्यक्ति एम.डी. वॉशिंग सेंटर, लंबाखातल के पास चिट्टा बेचने और खरीदने के काम में लगा हुआ है। आरोपी रोहडू के समोली का रहने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इसके अलावा उसके पास से 7,800 रुपये नकद भी मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। चिट्टे की मात्रा कम होने पर पूछताछ के बाद आरोपी को नोटिस पर रिहा कर दिया गया है, जबकि मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना रोहडू में मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।