राजगढ़, 17 फरवरी । मध्य प्रदेश के राजगढ़ में कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा ने मंगलवार को संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत सहकारिता विभाग से संबंधित शिकायतों को व्यक्तिरुप से सुना और मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में शिकायतकर्ता रोड़ीलाल दांगी ने बताया कि पैसे जमा करने के बाद भी मलावर सोसायटी के द्वारा उसे खाद नही दिया जा रहा है,जिससे किसान को काफी समस्या हो रही है। कलेक्टर ने एसडीएम ब्यावरा को जांच के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता राहुल दांगी ने बताया कि सोसायटी में सहायक सचिव देवनारायण दांगी को नकद पैसे जमा कर खाद लिया गया था, लेकिन सहायक सचिव द्वारा उक्त नकद राशि उसके खाते में जमा नही की। कलेक्टर ने खिलचीपुर थानाप्रभारी को जांच के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता रामदयाल गुर्जर ने बताया कि उसने जिला सहकारी बैंक शाखा राजगढ़ से लोन लिया था, लोन जमा करने के बाद भी सिविल पर लोन दिख रहा है साथ ही लोन के तीन लाख 48 हजार रुपए की मांग की जा रही है। कलेक्टर ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिला सहकारी बैंक से आरिजनल नो-ड्यूज व उस समय के लिपिक की जानकारी सही मूल फाईल लेकर सम्मुख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता हरीसिंह चौरसिया द्वारा बताया गया कि सुकली सहकारी बैंक बोड़ा से केसीसी लोन लिया जा रहा है, लोन पास होने के बाद भी आवेदक को राशि नही दी जा रही है। जांच के बाद कलेक्टर ने शिकायत को एफसी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुकेश भिलाला ने बताया कि आवेदिका कमलाबाई को जिला सहकारी बैंक का बकाया बताया जा रहा है, जबकि आवेदिका ने सोसायटी से खाद नही लिया है। कलेक्टर ने सात दिवस में शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए।