धमकियों के विरोध में ‘कुचामन बंद’, व्यापार मंडलों का समर्थन

Share

नागौर, 17 फ़रवरी । कुचामन सिटी में कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों को मिल रही धमकियों के विरोध में आज ‘कुचामन बंद’ का व्यापक असर देखने को मिला। भाजपा नागौर देहात के जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को कुख्यात अपराधी रोहित गोदारा गैंग के गुर्गे वीरेंद्र चारण द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां और फिरौती मांगने के विरोध में सर्व समाज और विभिन्न व्यापार मंडलों ने बंद का आह्वान किया है।

सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। बंद को सभी व्यापार मंडलों का समर्थन मिला है, जिसके चलते शहर में सामान्य कारोबार ठप रहा।

जानकारी के अनुसार 14 फरवरी से विजय सिंह पलाड़ा को मोबाइल फोन पर लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस घटना के बाद व्यापारियों और आमजन में भारी आक्रोश है। वरिष्ठ भाजपा नेता भंवर सिंह पलाड़ा ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का मामला नहीं, बल्कि पूरे समाज और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

बंद के तहत स्थानीय कनोई पार्क में एक विशाल आमसभा आयोजित की जा रही है, जिसमें सर्व समाज के प्रबुद्धजन और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। सभा के बाद कनोई पार्क से शहर के मुख्य मार्गों पर हुंकार रैली निकाली जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें आरोपिताें की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जाएगी।

प्रदर्शनकारियों ने वीरेंद्र चारण और उसके सहयोगियों को तत्काल गिरफ्तार करने, पीड़ित पक्ष को पुख्ता सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में बढ़ते गैंग कल्चर पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

सर्व समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं, संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।