राजगढ़ः शिवपुरी में अधिवक्ता की हत्या का राजगढ़ व ब्यावरा में विरोध, सौंपा ज्ञापन

Share

राजगढ़, 16 फरवरी । मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सक्सेना की 14 फरवरी को हुई हत्या के विरोध में जिले के राजगढ़ व ब्यावरा के वकीलों ने सोमवार को न्यायालीन कार्य से विरक्त रहकर काम बंद रखा।

राजगढ़ के वकीलों ने कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा वहीं ब्यावरा तहसील के वकीलों ने नायब तहसीलदार विनय रजक को शासन व प्रशासन के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। वकीलों ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की अपील की, ताकि अधिवक्ताआंे की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अधिवक्तों ने ज्ञापन में कहा कि करेरा में हुई इस नृशंस हत्या से समस्त अधिवक्ता परिवार में गहरा दुख और आक्रोश है। उन्होंने जोर दिया कि अधिवक्ता न्याय के प्रहरी के रुप में सेवा करते है, लेकिन ऐेसे हमलों से न केवल उनका मनोबल प्रभावित होता है, बल्कि न्याय की संवेदनशील प्रक्रिया बाधित होती है। ज्ञापन में मांग की है कि अधिवक्ता के साथ कदाचार को गैरजमानती अपराध के रुप में अधिनियमित किया जाए। एक दिवसीय हड़ताल से अदालतों में सामान्य कार्य प्रभावित हुआ, जिसमें अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इस मौके पर अधिवक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक उनकी सुरक्षा तय नही की जाती साथ ही हत्या के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नही होती, उनका विरोध जारी रहेगा।