अंबिकापुर : मैनपाट महोत्सव सरगुजा जिले की पहचान और गौरव का प्रतीक : सांसद चिंतामणि महाराज

Share

अंबिकापुर, 16 फ़रवरी । प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का साेमवार काे भव्य समापन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पर्यटकों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।

मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मैनपाट महोत्सव सरगुजा जिले की पहचान और गौरव का प्रतीक है, जो केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि क्षेत्र की परंपरा, लोकसंस्कृति और पर्यटन विकास को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शुभारंभ अवसर पर जिले को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात दी गई है, जिससे मैनपाट में अधोसंरचना विकास और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।

सांसद ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में मैनपाट लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और अधिक भव्य, आकर्षक एवं व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोककला, पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय उत्पादों और मनोरंजन गतिविधियों ने पर्यटकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया, जिससे मैनपाट की लोकप्रियता और अधिक बढ़ी है।

समापन समारोह में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मैनपाट महोत्सव स्थानीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री साय द्वारा मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि की घोषणा की गई है, जिससे पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार व विकास के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या, खेल प्रतियोगिताएं, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, पर्यटन गतिविधियों एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मैनपाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत के कारण विशिष्ट पहचान रखता है तथा भविष्य में यह आयोजन और अधिक बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों, अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

समापन समारोह में जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग, जनपद पंचायत मैनपाट अध्यक्ष संतोषी पैंकरा, उपाध्यक्ष अनिल सिंह, ग्राम पंचायत रोपाखार के सरपंच सुखुराम, जनप्रतिनिधि आलोक दुबे, रजनीश पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, डीएफओ अभिषेक जोगावत, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।