नई दिल्ली, 15 फरवरी । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जर्मनी के अपने दौरे के दौरान म्यूनिख में वरिष्ठ जर्मन नेताओं और उद्योगपति से मुलाकात की। इस मुलाकात के दोरान उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) के पृष्ठभूमि में द्विपक्षीय व्यापार रिश्तों और विनिर्माण, प्रौद्योगिकी और कृषि में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
वित्त मंत्रालय ने रविवार को ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी बयान में बातया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जर्मनी के उप-चांसलर और संघीय वित्त मंत्री लार्स क्लिंगबील से भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने जनवरी में भारत में प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी और जर्मनी के संघीय चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच हुई बैठक का उल्लेख किया, जिससे रक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती मिली थी।
इस बैठक में लार्स क्लिंगबील ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को व्यापार और निवेश के लिए बड़ा कदम बताया। उन्होंने द्विपक्षीय विकास सहयोग तथा भारत में मेट्रो रेल विस्तार परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया। वित्त मंत्रालय के मुताबिक दोनों पक्षों ने बैठक में औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति जताई। निर्मला सीतारमण ने जर्मन पक्ष को भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली की सफलता के बारे में अवगत कराया और भारत की डिजिटल संरचना से जुड़ी सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने की इच्छा व्यक्त की।
इससे पहले म्यूनिख में वित्त मंत्री सीतारमण ने लिकटेंस्टाइन की प्रधानमंत्री ब्रिगिट हास और युवराज एलोइस फिलिप मारिया से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान लिकटेंस्टाइन स्थित कंपनियों के भारत में किए जा रहे निवेश की समीक्षा की गई। इसके साथ ही निर्माण, पर्यावरण अनुकूल प्रौद्योगिकी, कृषि उपकरण तथा जलवायु परिवर्तन से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके अलवा वित्त मंत्री ने यूरोपीय केंद्रीय बैंक की अध्यक्ष क्रिस्टीन लागार्ड से भी भेंट की। दोनों पक्षों ने जनवरी 2026 में भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की दिशा में प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। सीतारमण ने कहा कि इस समझौते के तहत व्यापार को सुगम बनाने में यूरोपीय केंद्रीय बैंक की वित्तीय भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि 62वां म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन-2026 (एमएससी-2026) वैश्विक सुरक्षा पर एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच है, जो 13 से 15 फरवरी तक जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित हो रहा है। इस सम्मेलन में 60 से ज्यादा देश एवं सरकार के प्रमुख और सैकड़ों पॉलिसीमेकर और एक्सपर्ट शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसमें शामिल होने के लिए म्यूनिख के आधिकारिक दौरे पर हैं।