गुरुग्राम, 15 फरवरी । यहां सेक्टर-65 थाना क्षेत्र से करीब 85 लाख के जेवरात व नकदी चोरी करने वाली नौकरानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपी महिला को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सेक्टर-66 स्थित लग्जरी सोसायटी एमार मारबेला के एक फ्लैट में काम करने वाली एक नौकरानी ने मौके का फायदा उठाकर घर से करीब 85 लाख रुपये की नकदी और गहने चोरी कर लिए। पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-66 निवासी ने बताया कि उनका परिवार जनवरी-फरवरी माह में बाहर गया हुआ था। पीछे से एक नौकरानी जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर फरार हो गई। पीडि़त की शिकायत पर सेक्टर-65 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने चोरी के केस में आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी शकुंतला (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पूछताछ में महिला ने बताया कि जब शिकायतकर्ता का परिवार घर पर नहीं था तो उसने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी किये जेवरात उसने अपने ससुराल में छुपा दिए। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।