अनूपपुर: अमरकंटक में 80 हजार श्रद्धालुओं ने शिव का जलाभिषेक किया

Share

अनूपपुर, 15 फ़रवरी । मध्ययप्रदेश के अनूपपुर जिले मेंं रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। शिवालयों में सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंज रहे हैं।

अमरकंटक स्थित मां नर्मदा उद्गम के तीर्थकोटि सरोवर में करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान कर भगवान शिव और माता नर्मदा का जलाभिषेक किया। सुरक्षा के मद्देनजर अमरकंटक में 250 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, जो सीसीटीवी और वॉच टॉवर से निगरानी कर रहे हैं। नर्मदा उद्गम स्थल पर पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। यहां महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले पांच दिवसीय मेले 14 से 18 फरवरी का भी विधिवत शुभारंभा किया।

अमरकंटक से 8 किमी दूर जालेश्वर धाम में भी सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। मान्यता है कि इसी दिन सृष्टि का आरंभ हुआ था और भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था। जबकि जिला मुख्यालय अनूपपुर के शंकर मंदिर, रामजानकी मंदिर और तिपान नदी स्थित शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भालूमाड़ा के अघोरी बाबा मंदिर और हनुमान मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई। कोतमा में श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, बेर और मदार के फूल अर्पित कर भोलेनाथ को रिझाया। कई स्थानों पर रुद्राभिषेक और विशाल भंडारे के आयोजन भी किए गए। इसी तरह ऐतिहासिक केवई नदी तट पर स्थित पांडवकालीन नागवंशी गुफाओं (शिवलहरा मंदिर) में दो दिवसीय मेले की शुरुआत हुई। भक्तों ने नदी में स्नान कर प्राचीन शिवलिंग पर जल चढ़ाया। वहीं रामनगर के तुर्राधाम में शिवभक्तों के उत्साह के बीच भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने मेले और मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए चाक-चौबंद व्यवस्था की है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में असुविधा न हो।