बाराबंकी, 15 फरवरी । उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रविवार को रामनगर थाना क्षेत्र में तीन मोटर साइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में दो सिपाही, एक महिला समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक प्रणव श्रीवास्तव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि श्रावस्ती जिले के लक्ष्मण नगर थाना सोनवा निवासी मनीष मिश्रा (20), अपनी मोटर साइकिल से विपिन की पत्नी अनीता को बैठाकर लखनऊ की तरफ जा रहे थे। सुबह 9 बजे जब वह लोग ग्राम दल सराय के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ जाने के चलते आगे चल रहे बाइक सवार उन्नाव निवासी अजीत, सनी को टक्कर मारते हुए मसौली की तरफ से आ रहे सिपाही हरिवंश व शुभम यादव की बाइक से भीड़ गई। हादसे में तीनों बाइक पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य के रामनगर लाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक प्रणव श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
———–